मुख्य पार्षद बने संजय , विपिन ने पहना उप मुख्य पार्षद का ताज।
झाझा नगर परिषद चुनाव 2023 : सभी परिणाम घोषित।जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधीश अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि झाझा नगर परिषद चुनाव : 2023 से संबंधित मतगणना रविवार को जिला मुख्यालय स्थित +2 उच्च विद्यालय जमुई बाजार के प्रशाल में कराया गया। उन्होंने मतों की गिनती शांतिपूर्ण , निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न होने की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्य पार्षद , उप मुख्य पार्षद और कुल 25 वार्ड के लिए विजयी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया गया है। सभी विजेताओं को निर्धारित प्रमाण पत्र भी हस्तगत करा दिया गया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने झाझा नगर परिषद के लिए मुख्य पार्षद पद पर संजय कुमार यादव के चुने जाने की बात बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजय कुमार सिन्हा को 4807 मतों से करारी मात दी और सबंधित पद पर कब्जा जमाया। श्री यादव को कुल 7801 मत मिले वहीं श्री सिन्हा को 2994 मतों से संतोष करना पड़ा। मुख्य पार्षद पद के लिए तीसरे स्थान पर शैलेश साह रहे। इन्हें कुल 2302 मत मिले।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने उप मुख्य पार्षद पद की चर्चा करते हुए कहा कि इसके लिए विपिन कुमार साव मतदाताओं की पसंद बने हैं। श्री साव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मो. खुशाल खान को 1940 वोटों से हराकर झाझा नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद बनने का गौरव हासिल किया। नव निर्वाचित उप मुख्य पार्षद को कुल 6071 मत मिले वहीं श्री खान को 4131 मतदाताओं ने पसंद किया।
श्री सिंह ने झाझा नगर परिषद के अंतर्गत कुल 25 वार्ड के लिए भी चुनाव कराए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि सभी परिणाम घोषित कर दिए गए हैं और उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र हस्तगत करा दिया गया है। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से वोटों की गिनती का कार्य संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया और तमाम प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को साधुवाद दिया।
इधर झाझा नगर परिषद के लिए नामित निर्वाची पदाधिकारी रवि प्रकाश गौतम ने मतों की गिनती के बाद मुख्य पार्षद , उप मुख्य पार्षद और तमाम निर्वाचित वार्ड पार्षदों को अपने कर कमलों से प्रमाण पत्र सौंपा और उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की।
उधर झाझा नगर परिषद के लिए अधिसूचित मुख्य पार्षद , उप मुख्य पार्षद और सभी 25 वार्डों के लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों के घर जश्न का माहौल है वहीं हार का मुंह देखने वाले उम्मीदवारों के आवास पर मायूसी देखी जा रही है। सभी प्रत्याशी अपने – अपने ढंग से गुना – भाग कर रहे हैं। चर्चाओं का दौर जारी है।
जमुई जिला संवाददाता :- गोपाल कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट



