नम आंखों से की गई मां दुर्गा की प्रतिमाएं , विसर्जन
शारदीय नवरात्र की दशमी तिथि अर्थात विजयादशमी पर मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जा रहा है। दुर्गा पूजा पंडालों में सप्तमी तिथि से चल रही पूजा समाप्त होने के बाद भक्त नम आंखों से मइया को अंतिम विदाई दे रहे हैं और प्राचीन बोधमन तालाब में महामाई की मूर्ति का विसर्जन कर रहे हैं। जमुई शहर में विशाल शोभा यात्रा के साथ पंचमंदिर बड़ी दुर्गा और लाल बाबा दुर्गा पूजा समिति की मूर्ति का विसर्जन किया गया। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रकाश कुमार भगत ने शोभा यात्रा का कुशलता पूर्वक नेतृत्व किया और अमन – चैन के माहौल में मूर्ति विसर्जन कार्य को संपन्न कराया।
बुधवार की सुबह विसर्जन से पहले पंडाल में भक्तों ने वैदिक रीति – रिवाज से देवी दुर्गा की पूजा अर्चना की और मां के स्वरूप का दर्शन किया। उन्हें महाप्रसाद अर्पित करके भक्तों ने उसे ग्रहण किया। महिलाओं ने मां को सिंदूर लगाकर सुहाग की रक्षा की कामना की। इसके बाद महिलाओं ने एक – दूसरे को सिंदूर लगाकर ढोल वादन के साथ नृत्य करके मइया को रिझाया। इसके बाद विसर्जन यात्रा निकाली गई। ढोल – ताशा की थाप पर श्रद्धालु नाचते – गाते और मां का जयकारा लगाते हुए मूर्तियों को बोधमन तालाब ले गए। फिर वहां परंपरागत तरीके से मूर्ति का विसर्जन किया गया। इसके साथ ही मां पुन: ससुराल चली गईं।
उधर शारदीय नवरात्र को लेकर जमुई जिला के गिद्धौर , खैरा के अलावे विभिन्न हिस्सों में दर्जनों स्थानों पर पंडाल सजाए गए थे। यहां मूर्तियों की स्थापना करके पूजन अर्चन किया गया। इस अवसर पर कन्या पूजन , भंडारा , जगराता , डांडिया , गरबा आदि की धूम मची रही। श्रद्धालु परिवार सहित माता रानी के दरबार में दर्शन पूजन के लिए पहुंचते रहे। नवमी को हवन करने के बाद दशमी को मूर्तियों का विसर्जन किया जा रहा है। क्षेत्रीय लोग नदियों , तालाबों , सरोवरों आदि जल स्रोतों में मूर्ति विसर्जन कर रहे हैं। लोग माता रानी की विसर्जन शोभायात्रा में अबीर गुलाल उड़ा रहे हैं। उनके भजन पर थिरकते श्रद्धालु काफी दूर तक पैदल ही जाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान विसर्जन स्थानों पर पुलिस की कड़ी व्यवस्था है। नदियों की ओर जाने से भीड़ को रोका जा रहा है ताकि कोई हादसा ना होने पाए। विसर्जन को यह निकाली गई शोभायात्रा के साथ ही पुलिस चल रही है। अभी विसर्जन की यह धूम एक – दो दिन और चलने की उम्मीद है।
जमुई जिला के रिपोटर :- गोपाल कुमार पाण्डेय



