जिले में शान से फहराया गया तिरंगा , डीएम ने मुख्य समारोह में किया झंडातोलन ।

स्वतंत्रता दिवस जिले में उत्साह के साथ मनाया गया। जिले के सभी सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में संस्थान के पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में डीएम अवनीश कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। साथ ही उन्होंने जिलेवासियों को संबोधित भी किया। उन्होंने मौके पर जमुई जिला की तेजी से तरक्की की चर्चा की और सरकारी योजनाओं को परिभाषित किया।डीएम ने समाहरणालय , अंबेडकर स्थल , शहीद दुखहरण स्मारक में भी ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की ढेर सारी शुभकामना दी। श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह का आंखों देखा हाल नामदार उद्घोषक डॉ. निरंजन कुमार ने सुनाया और खूब तालियां बटोरी।
उधर पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने तिरंगा फहराया और राष्ट्र ध्वज को सलामी दी। उन्होंने इस अवसर पर जिले में अमन – चैन का माहौल कायम रहने की बात कही। डॉ. सुमन ने बेहतर पुलिसिंग के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया और उपलब्धियों को गिनाया। यहां भी जाने – माने उद्घोषक डॉ. निरंजन कुमार ने मंच संचालन किया और प्रशंसा के पात्र बने। पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रगान गायन टीम को बेहतरीन गायन के लिए 2500 रुपए पुरस्कार के रूप में दिए और उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की।
इधर जिला परिषद कार्यालय में अध्यक्ष दुलारी देवी , अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ अभय कुमार तिवारी , एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार , जमुई प्रखंड कार्यालय में बीडीओ श्री श्रीनिवास , जमुई थाना में थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी , शिक्षा भवन में जिला शिक्षा पदाधिकारी कपिलदेव तिवारी , ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा , मनिद्वीप एकेडमी में निदेशक बी.अभिषेक , सदर अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. कुमार महेंद्र प्रताप समेत अन्य कार्यालयों में भी कार्यालय के प्रधान ने ध्वजारोहण किया। जिले के विभिन्न महादलित टोलों में भी ध्वजारोहण किया गया। जमुई जिला में स्वाधीनता दिवस उल्लास और उमंग के वातावरण में मनाया गया। चहुंओर राष्ट्र प्रेम की धूम मची रही।
जमुई जिला संवाददाता :- गोपाल कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट



