जिलाधिकारी ने एलईडी जागरूकता रथ को झंडी दिखाकर किया रवाना
जिला कलेक्टर अवनीश कुमार सिंह समाहरणालय परिसर से झंडी दिखाकर एलईडी जागरूकता रथ को रवाना किया। डीडीसी शशि शेखर चौधरी , नजारत उप समाहर्ता स्वतंत्र कुमार सुमन , आईसीडीएस डीपीओ रेखा कुमारी समेत कई अधिकारी रथ रवाना के साक्ष्य बने।
जिलाधिकारी ने मौके पर कहा कि जागरूकता रथ बारी – बारी से जिले के सभी प्रखंडों का भ्रमण करेगा और वहां के नागरिकों को आईसीडीएस से संबंधित सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से रूबरू कराएगा। उन्होंने जिले में कुपोषण को दूर करने के लिए सामुदायिक सहभागिता पर जोर दिए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार आमजनों में पोषण के प्रति नजरिया व उनके रोजाना के व्यवहार में बदलाव लाने के लिए कटिबद्ध है। डीएम ने एलईडी रथ के माध्यम से नागरिकों को मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना , प्रधानमंत्री वंदना योजना , आंगनवाड़ी , स्वास्थ्य , शिक्षा , स्वच्छता आदि योजनाओं की जानकारी दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि आमजन कल्याणकारी कार्यक्रमों से अवगत होकर इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ लें।
डीडीसी ने कहा कि एलईडी के जरिए माता – पिता अपने शिशुओं के बेहतर पोषाहार व उनमें कुपोषण की स्थिति की जानकारी भी ले सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि इसकी मदद से शिशुओं , बच्चों , किशोरियों , गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं को आवश्यक पोषण की जानकारी प्राप्त करने में काफी सहुलियत होगी। पोषण संबंधी जानकारियां प्राप्त कर इसका इस्तेमाल वे अपने रोजमर्रा की रसोई में खाना पकाने की गतिविधियों में शामिल कर सकेंगी। उन्होंने एलईडी रथ को अत्यंत लाभकारी करार दिया।
डीपीओ ने कहा कि एलईडी रथ 28 जुलाई से 07 अगस्त तक भ्रमणशील रहेगा। इस दरम्यान एलईडी युक्त वाहन हर प्रखंड के नागरिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जागरूक करेगा। उन्होंने जनता से इसका लाभ लेने की अपील की।
जमुई जिला संवाददाता गोपाल कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट



