Rajasthan: बेटी की शादी तोड़ने से नाराज रिश्तेदारों ने बुजुर्ग के नाक-कान काट डाले

0
154

हाइलाइट्स

बाड़मेर जिले के सेड़वा थाना इलाके में दिल को दहला देने वाली वारदात
बुजुर्ग ने बेटी की शादी टूटने के बाद उसका विवाह दूसरी जगह करवा दिया था

बाड़मेर. राजस्थान में एक बार फिर से दिल को दहला देने वाली वारदात सामने आई है. पश्चिमी राजस्थान में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर बसे बाड़मेर जिले में करीब एक दर्जन बदमाशों ने एक बुजुर्ग पर कातिलाना हमला कर उसके नाक और कान काट डाले. बुजुर्ग को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया. वहां से उसे प्राथमिक उपचार देकर जोधपुर रेफर कर दिया गया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग के बेटी की शादी तोड़ने को लेकर सामने वाले पक्ष ने रंजिश रखना शुरू कर दिया था. उसके चलते ही इस बुजुर्ग के कान और नाक काट लिये गये.

पुलिस के अनुसार वारदात बाड़मेर जिले के सेड़वा थाना इलाके के आदर्श सोनड़ी गांव में हुई. आदर्श सोनड़ी निवासी बुजुर्ग सुखराम विश्नोई मंगलवार रात को अपने घर जा रहा था. इस दौरान गाड़ी में सवार होकर आये 10-12 बदमाशों ने सुखराम पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया. बाद में सुखराम के नाक और कान काट लिए. उसका दाहिना पैर भी तोड़ दिया. सुखराम पर हमले की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे लहूलूहान हालात में सेड़वा हॉस्पिटल लेकर गये. वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद सुखराम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. जिला अस्पताल में भी उसकी हालत में सुधार नहीं होने पर सुखराम को जोधपुर रेफर कर दिया गया है. अब जोधपुर में बुजुर्ग का इलाज चल रहा है.

बेटी की शादी तोड़ने से नाराज रिश्तेदारों की बेरहम करतूत
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुखराम की बेटी की शादी 5-7 साल पहले गुड़ामालानी इलाके में की हुई थी. लेकिन बाद में अनबन के चलते वह शादी टूट गई. उसके बाद बुजुर्ग ने अपनी बेटी की शादी कहीं और करवा दी. स्थानीय लोगों के मुताबिक जब रिश्ता टूटा तो समाज की ओर से उनमें आपसी समझाइश के भी प्रयास हुये, लेकिन सुखराम नहीं माना. इससे पहले वाले रिश्तेदारों की नाराजगी बढ़ गई. उसके बाद स्थानीय ग्रामीण भी सुखराम के परिवार से रंजिश रखने लग गए. इससे नाराज होकर पहले के रिश्तेदारों ने बदमाशों के साथ मिलकर सुखराम पर हमला कर दिया.

पीड़ित के अभी तक नहीं हो पाए हैं बयान
सेड़वा थाने के सहायक पुलिस उप निरीक्षक अचलाराम के मुताबिक सुखराम को प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर से जोधपुर रेफर कर दिया गया है. ज्यादा खून बहने के कारण अभी तक सुखराम के बयान नहीं हो पाये हैं. बुजुर्ग के बेटे से बात हुई है. उसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गये. पुलिस आरोपियों के बारे में पता लगाने में जुटी है.

Tags: Barmer news, Crime News, Rajasthan news

Source link

ab24 news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here