बकरीद को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट।

0
298

असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटें : डीएम।विधि व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : एसपी।

बकरीद को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट।

जिला दंडाधिकारी अवनीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व 2023 के अवसर पर विधि – व्यवस्था संधारण हेतु दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की बड़े पैमाने पर प्रतिनियुक्ति की है। अधिकारी द्वय ने कहा कि विधि – व्यवस्था का संधारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी संयुक्त जिलादेश में वर्णित निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करेंगे। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखेंगे। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को क्रियाशील रखें तथा अफवाहों का त्वरित खंडन करें।

     डीएम और एसपी ने कहा कि बकरीद त्योहार के अवसर पर ईदगाह के मैदान में नमाज अदा की जाती है , जिसमें काफी संख्या में लोग भाग लेते हैं। यहां आने वाले नमाजियों को यथोचित सहयोग किया जाएगा। डीएम श्री सिंह के निदेश पर ईदगाह के मैदान की साफ – सफाई कराई गई और यहां पार्किंग , विधि – व्यवस्था , जलापूर्ति आदि का भी खास इंतजाम किया गया है। 

पीएचईडी ईदगाह के मैदान में पर्याप्त संख्या में वाटर टैंकर का प्रबंध करते हुए जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था करेगा। शहर में अधिष्ठापित सभी सीसीटीवी कैमरा चालू हालत में रहेगा। ईद-उल-जोहा (बकरीद) के नमाज के अवसर पर आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु सिविल सर्जन ईदगाह के मैदान में डॉक्टर , पारा मेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के साथ एम्बुलेंस का इंतजाम करेंगे। जिला अग्निशमन पदाधिकारी ईद-उल-जोहा (बकरीद) की नमाज के अवसर पर आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु फायर दस्ता तैनात रखेंगे।

      डीएम श्री सिंह व एसपी डॉ. सुमन ने कहा कि ईद-उल-जोहा (बकरीद) के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रशासन पूर्णतः कटिबद्ध है। विधि-व्यवस्था के मद्देनजर जिले के दर्जनों स्थानों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनके साथ सशस्त्र बल तथा लाठी बल को भी लगाया गया है। सादे लिबास में भी जबान तैनात रहेंगे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों पर अत्यधिक सतर्कता बरती जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने – अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर ससमय पहुँचकर कार्यक्रम के शांतिपूर्ण ढंग से समाप्ति तक मुस्तैद रहेंगे।

जिला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा। यहां प्रतिनियुक्त अधिकारी दो पालियों में दायित्वों का निर्वाह करेंगे। डीएम श्री सिंह व एसपी डॉ. सुमन ने अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निदेश दिया कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें। असामाजिक तत्वों के विरूद्ध निरोधात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई करें। हर हाल में विधि – व्यवस्था का समुचित संधारण सुनिश्चित करेंगे। अफवाह फैलानेवालों के विरूद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यथेष्ट प्रशासनिक सतर्कता , निरोधात्मक एवं सुरक्षामूलक कार्रवाई की जाएगी। भा.दं.वि. की धारा 107/116/151 के अंतर्गत त्वरित कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप के माध्यम से संदेहास्पद सूचनाओं के आदान – प्रदान पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके द्वारा अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध समुचित कार्रवाई की जाएगी। भा.दं.वि. की धारा 153 एवं 305 (यथा संशोधित) के अंतर्गत साम्प्रदायिकता फैलाने वाले तत्वों के विरूद्ध दंड देने का समुचित प्रावधान है। संबंधित धारा अब संज्ञेय और गैर जमानती है।

जिला प्रशासन द्वारा 24×07 जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। आवश्यकतानुसार डायल 112 तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष का भी सहयोग लिया जा सकता है। डीएम व एसपी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना एसडीओ , एसडीपीओ के साथ प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी , थानाध्यक्ष और सीओ की विशेष जिम्मेवारी है। थानाध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों को आसूचना तंत्र को सुदृढ़ कर विधि – व्यवस्था संधारण को सफल बनाने का निदेश दिया गया है। थानाध्यक्ष अपने – अपने इलाके में विधि – व्यवस्था के लिए पूर्ण रूप से उत्तरदायी होंगे। एसडीओ एवं एसडीपीओ क्षेत्र में पर्व के दरम्यान 24 घंटे गश्ती सुनिश्चित करेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने – अपने क्षेत्रान्तर्गत विधि – व्यवस्था के पूर्ण प्रभार में रहेंगे। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी , दंडाधिकारी , पुलिस पदाधिकारी और जबान तन्मयता के साथ देय दायित्वों का निर्वहन करेंगे। कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

      डीएम व एसपी ने कहा कि ईद-उल-जोहा शांति और सौहार्द्र का पर्व है। इससे आपसी भाईचारा का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस पर्व को मिल्लत के साथ सौहार्द के वातावरण में मनाए जाने की अपील की।

      ज्ञात हो कि गुरुवार यानी 29 जून को बकरीद पर्व मनाया जाना निश्चित है।

 जिला संवाददाता:-  गोपाल कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Gopal Kumar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here