योजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करें : अशोक।प्रभारी मंत्री ने समाहरणालय में आपदा और जल जीवन हरियाली की समीक्षा की।
बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री सह जिला के प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी की अध्यक्षता में समाहरणालय के संवाद कक्ष में विभागीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई , जिसमें जमुई जिला में आपदा और जल जीवन हरियाली कार्यक्रम की समीक्षा हुई।
जिला प्रभारी मंत्री ने समीक्षा बैठक के दरम्यान हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी की योजना समेत सिंचाई विभाग की तमाम योजनाओं की जानकारी ली और कम वर्षा को लेकर भविष्य की योजना बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने इसी क्रम में झाझा सिंचाई विभाग के कार्यों की समीक्षा की और वहां क्षेत्राधीन डैम में जल स्तर बढ़ाने के लिए कारगर उपाय किए जाने की बात कही। प्रभारी मंत्री ने डीडीसी को टीम गठित कर सिंचाई विभाग की तमाम योजनाओं की जानकारी लेने और वांछित प्रतिवेदन समर्पित किए जाने का निर्देश दिया। श्री चौधरी ने बैठक के दरम्यान बिजली , लघु सिंचाई , पीएचईडी , कृषि , मत्स्य एवं आपदा प्रबंधन विभाग के कार्यों की समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर सरकार की योजनाओं को पूरा किए जाने का निर्देश देते हुए कहा कि जमुई जिला को विकसित जिला बनाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने इसी क्रम में अधिकारियो को निर्देश दिया कि जमुई के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने , शिक्षा , कौशल विकास एवं रोजगार का अवसर प्रदान करने के लिए कार्य योजना बनाकर इसे लागू करें ताकि इसका सीधा लाभ उन्हें मिल सके।
जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने प्रभारी मंत्री को मुख्यमंत्री के सात निश्चय से सम्बंधित कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शराब बंदी , दहेज प्रथा और बाल विवाह जैसी कुरीतियों को रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों से भी उन्हें रूबरू कराया और इस संबंध में व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाए जाने की बात कही।
समीक्षा बैठक के क्रम में प्रभारी मंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग और श्रम विभाग से संबंधित योजना के लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया वहीं नवनियुक्त अमीनों को नियुक्ति पत्र हस्तगत कराया। इसी क्रम में जिला राजस्व कार्यालय के द्वारा नामित 07 लाभार्थियों को बंदोबस्ती प्रमाण पत्र सौंपा। उन्होंने मौके पर जिला उद्योग केंद्र के द्वारा नामित लाभार्थियों को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना अंतर्गत डमी चेक और स्वीकृति पत्र प्रदान किया।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह , विधान पार्षद अजय कुमार सिंह , एसपी डॉ. शौर्य सुमन , डीडीसी शशि शेखर चौधरी,अपर समाहर्ता सत्येन्द्र कुमार मिश्रा समेत अधिकांश विभागीय अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
जमुई जिला संवाददाता :- गोपाल कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट



