चोरमारा में जीविका समूह बनाने की कवायद शुरू
-जिला प्रशासन के निर्देश पर जीविका डीपीएम सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया चोरमारा गाँव का दौरा

जीविका, जमुई
जिला प्रशासन के निर्देश पर शनिवार को जीविका पदाधिकारियों के द्वारा बरहट प्रखंड के बरहट पंचायत स्थित घोर नक्सल प्रभावित गाँव चोरमारा का दौरा किया गया| शहर से करीब 40 किमी दूर पहाडी क्षेत्र में बसा यह गाँव आज भी विकास की राह देख रहा है| इसी सिलसिले में अब जिला प्रशासन जीविका के सहयोग से इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी गई है|

गौरतलब है की बरहट प्रखंड का चोरमारा और गोरमारा गाँव शुरू से अति नक्सल प्रभावित रहा है| यहाँ के लोगों तक सरकारी योजनाओ का लाभ पहुँचाना मुश्किल हो रहा है| आर्थिक परेशानी के साथ-साथ यहाँ पर शिक्षा का भी अभाव है| हालाँकि जिला पदाधिकारी, जमुई श्री अवनीश कुमार सिंह की कोशिशों अब रंग ला रही और यहाँ के लोगों तक सरकारी योजना का लाभ पहुंचे, इसके लिए प्रयास शुरू कर दिया गया| अभी हाल में ही मेडिकल कैम्प लगाकर यहाँ के लोगों को चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध करवाई गई है| इसी कड़ी में शनिवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर जीविका डीपीएम श्री संजय कुमार, बीपीएम बरहट धर्मेन्द्र कुमार चौधरी, प्रबंधक जीविकोपार्जन कौटिल्य कुमार एवं क्षेत्रीय समन्वयक विनोद कुमार चोरमारा गाँव पहुंचे और यहाँ के लोगों को जीविका समूह से जुड़ने के लिए प्रेरित किया और बताया की जीविका से जुड़कर आपको अन्य सरकारी योजनाओ का भी लाभ मिलेगा|| जीविका डीपीएम श्री संजय कुमार ने बताया की जिला प्रशासन के आदेश पर हमलोगों ने जीविका समूह गठन को लेकर आज यहाँ का दौरा किया है| हालाँकि यहाँ पर पहले से भी जीविका समूह बना हुआ था, लेकिन नक्सल प्रभावित इलाका होने एवं दूरी होने की वजह से समूह निष्क्रिय हो चूका है|

अब ड्राइव मोड में हमलोगों ने यहाँ पर समूह बनाने का काम शुरू कर दिया है| हमलोगों के समझाने कर करीब 40 महिलाये जीविका समूह से जुड़ने को तैयार हो गई है| चोरमारा गाँव में हमारा 10 समूह बन जायेगा और आगे भी समूह बनाने का प्रयास जारी रखा जायेगा| इतना ही नहीं जिला प्रशासन एवं जीविका के सहयोग यहाँ पर दुकाने भी खुलवाई जाएँगी, जिससे यहाँ के लोगों को 30 किमी पैदल चलकर बाजार न जाना पड़े| जीविका पदाधिकारियों के पहुँचने पर यहाँ की महिलाएं उत्सुकता पूर्वक बाते सुन रही थीं और अपनी समस्याएं भी बता रही थीं| गाँव की ही कुछ पढ़ी-लिखी महिलाओं के सहयोग उन्हें सरकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभ के बारे में बताया गया| बातचीत के दौरान पता चला की यहाँ के लोगों में शिक्षा के साथ-साथ जागरूकता का भी अभाव है, जिससे यहाँ के लोग विकास से कोसों दूर हैं|



