सिविल सेवा परीक्षा पास करने वाले दो नेत्रहीन युवा बने मिसाल।

0
401

सिविल सेवा परीक्षा पास करने वाले दो नेत्रहीन युवा बने मिसाल।

ओडिशा लोक सेवा आयोग की परीक्षा में लहराया परचम।

कहते हैं इंसान सच्ची लगन , धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ एक रास्ते पर निकल पड़े तो उसे मंजिल जरूर मिलती है। ओड‍िशा के प्रसन्ना पांडा और प्राचुर्य प्रधान जो शत – प्रतिशत दृष्टिबाधित हैं बावजूद इसके इन दोनों उम्मीदवारों ने राज्य की सिविल सेवा परीक्षाओं में सफलता पाकर कई अन्य लोगों को प्रेरित किया है। उल्लेखनीय है कि ओडिशा लोक सेवा आयोग (ओपीएससी) ने ओडिशा सिविल सेवा परीक्षा 2020 का बीते दिनों परिणाम घोषित घोषित किया था।

राज्य के खुर्दा जिले के प्रसन्ना कुमार पांडा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहे हैं। प्रसन्नाा ने इस परीक्षा में 266 वां स्थान हासिल किया है। वहीं ओडिशा के नुआपाड़ा के बोडेन निवासी 25 वर्षीय प्राचुर्य ने अपने पहले प्रयास में 292 वां स्थान प्राप्त कर इतिहास रचने में कामयाबी हासिल की।

प्राचुर्य प्रधान ने बताया कि वे वर्तमान में ओडिशा माइनिंग कॉरपोरेशन में एक सहायक प्रबंधक (वित्त) के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर किसी को बड़े सपने देखने चाहिए , सपने जरूर सच होते हैं। यदि आपके पास आत्मविश्वास , समर्पण और लगन है तो आप निश्चित रूप से कुछ भी हासिल कर सकते हैं। अपनी चुनौतियों के बारे में बात करते हुए प्राचुर्य ने कहा कि मेरे सामने पहली चुनौती टाइम मैनेजमेंट की थी , चूंकि मैं एक अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी भी हूं , इसलिए दो चीजों को संतुलित करना एक ऐसी चीज थी जिसका मुझे ध्यान रखना था। मेरे पास सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए पूरा दिन नहीं था। इसलिए मैंने दिन में केवल 04 – 05 घंटे अध्ययन करने के साथ अन्य आदतों को दरकिनार किया , जिससे समय बच सके। आख‍िर में मुझे मंजिल मिल गई।

इससे पहले प्राचुर्य राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) क्वालीफाई कर चुके हैं। वे फिलहाल रेनशॉ विश्वविद्यालय , कटक में वाणिज्य में पीएचडी कर रहे हैं। प्राचुर्य ने नेशनल कॉलेज नुआपाड़ा से बीकॉम और इग्नू से पीजी की पढ़ाई भी की है। उन्होंने अब तक आईपीसीसी के दोनों समूहों को भी पूरा कर लिया है और सीए फाइनल परीक्षा में शामिल होंगे।

प्राचुर्य ने 2018 में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित तीसरे एशियाई पैरा खेलों में रजत पदक जीता था। उन्हें इस उपलब्धि के लिए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सम्मानित किया गया था।

उधर प्रसन्ना पांडा ने कहा कि सिविल सेवा में शामिल होना और लोगों की सेवा करना उनका बचपन का सपना था। भीमा भोई स्कूल और बिजेबी कॉलेज से शिक्षा पूरी करने के बाद वे जेएनयू के तहत स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज में पढ़ने के लिए नई दिल्ली आ गए। उन्होंने पिछले साल पीजी की पढ़ाई पूरी की।

Gopal Kumar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here