दो तरफा संवाद को बढ़ावा देने की प्रक्रिया है मीडिया कार्यशाला “वार्तालाप” : अपर महानिदेशक।
कहा : सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में मीडिया की अहम भूमिका।
क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ” वार्त्तालाप ” का आयोजन।मीडिया कार्यशाला ” वार्त्तालाप ” दो तरफा संवाद को बढ़ावा देने की एक अहम प्रक्रिया है। सरकार और मीडिया के बीच सेतु के रूप में पत्र सूचना कार्यालय (पीआइबी) कार्य करता है। देश हित में मीडिया को नकारा नहीं जा सकता है। वर्त्तमान युग में मीडिया का महत्व ज्यादा बढ़ गया है। शासकीय योजनाओं के साथ उनके क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को जन – जन तक पहुंचाने का भी यह एक सशक्त जरिया है।
पीआइबी एंड सीबीसी के अपर महानिदेशक शैलेश कुमार मालवीय ने उक्त बातें समाहरणालय के संवाद कक्ष में क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ” वार्त्तालाप ” का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करने के बाद उपस्थित कलमकारों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने आगे कहा कि पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) सरकार और मीडिया के बीच एक पुल की तरह काम करता है। पीआईबी द्वारा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाया जाता है और जमीनी स्तर पर इन योजनाओं के कार्यान्वयन का फीडबैक भी सरकार को देने का कार्य किया जाता है। उन्होंने मीडिया कार्यशाला वार्त्तालाप की विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि समय – समय पर इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन जरूरी है। उन्होंने इसके जरिए पत्रकारों का क्षमतावर्धन किए जाने की बात – बताते हुए कहा कि इस गरिमामयी मंच से उनकी समस्याओं को जानना और उसके निदान में यथोचित सहयोग करना भी हम सबों का दायित्व है। श्री मालवीय ने कार्यशाला आयोजन के लिए सम्बंधित जनों को हॄदयतल से साधुवाद दिया।
पीआईबी के निदेशक आशीष लकड़ा ने इस अवसर पर कहा कि देश की आजादी की लडाई मे पत्रकारिता के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ करार देते हुए कहा कि सिस्टम में कुछ ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे ” नकली ” और ” असली ” पत्रकारों की पहचान की जा सके ताकि समाज को स्वस्थ , स्वच्छ और पारदर्शी पत्रकारिता नसीब हो।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पीआईबी के सहायक निदेशक संजय कुमार ने कहा कि इसके माध्यम से सरकार की योजनाओं के बारे में मीडियाकर्मियों को संवेदनशील किया जाता है ताकि वे इन योजनाओं की बारीकियों को आम जनता तक पहुंचा सकें। उन्होंने पीआईबी द्वारा किये जाने वाले कार्यों पर रोशनी डालते हुए कहा कि यह सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की नोडल एजेंसी है जो मीडिया के माध्यम से सूचनाओं का आदान – प्रदान करती है।
वरिष्ठ पत्रकार विनय कुमार ने कार्यशाला में आयुष्मान योजना , प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना , प्रधानमंत्री आवास योजना , खाद्यान्न योजना समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से चर्चा की और इससे आम जनता के जीवन में काफी बदलाव आने की बात कही। उन्होंने मौके पर मीडियाकर्मियों को फेक न्यूज से बचने और इंटरनेट , व्हाट्सऐप , ईमेल , फेसबुक , ट्यूटर आदि का सावधानी से इस्तेमाल किए जाने का पाठ पढ़ाया।
कार्यशाला ” वार्त्तालाप ” को सीबीसी के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी पवन कुमार सिन्हा , सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी आर. के. दीपक , वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्र कुमार सिंह आदि ने भी संबोधित किया और इसके महत्व से उपस्थित जनों को रूबरू कराया।
उधर प्रधानमंत्री आवास योजना , उज्ज्वला योजना , जल जीवन हरियाली योजना , आयुष्मान भारत योजना समेत कई कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों ने भी मंच साझा किया और हासिल लाभों से उपस्थित जनों को अवगत कराया। लाभार्थियों ने इन कल्याणकारी योजनाओं से समाज में भारी बदलाव आने की बात कही।
जमुई के मीडियाकर्मियों ने कार्यशाला में अपनी उपस्थिति दर्ज कर इसे सुशोभित किया। कार्यशाला ” वार्त्तालाप ” विद्वत वातावरण में संपन्न हो गया।
District reporter:- Gopal kumar Pandey



