वैज्ञानिक पद्धति से खेती को बढ़ावा दें : डीएम।जिलास्तरीय खरीफ कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन।

0
367

वैज्ञानिक पद्धति से खेती को बढ़ावा दें : डीएम।जिलास्तरीय खरीफ कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन।

जिला कलेक्टर अवनीश कुमार सिंह ने शिल्पा विवाह भवन में कृषि विभाग द्वारा आयोजित जिलास्तरीय खरीफ कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करते हुए कहा कि विभागीय अधिकारी अन्नदाताओं को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए जागरूक करें। कहा कि खरीफ महाभियान का उद्देश्य किसानों को खरीफ फसलों की तकनीकी जानकारी देना , फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करना , मौसम के अनुकूल कृषि कार्यक्रम के बारे में जानकारी उपलब्ध कराना और जैविक खेती को प्रोत्साहन देना है। इसके अतिरिक्त खरीफ मौसम में कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ – साथ विशेष दलहन एवं तिलहन बीज वितरण कार्यक्रम का प्रचार – प्रसार करना है। उन्होंने आगे कहा कि फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता में बढ़ोतरी के लिए स्वस्थ मिट्टी का होना अनिवार्य है। किसानों को अनुशंसित मात्रा में उर्वरक का उपयोग करने हेतु मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराना आवश्यक है। विभाग अभियान चलाकर मिट्टी नमूनों का संग्रहण करे और जांच के बाद किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराए ताकि अन्न उत्पादन में वृद्धि हो सके।

     डीएम ने पीएम किसान योजना की चर्चा करते हुए कहा कि सभी कृषि समन्वयक और किसान सलाहकार सात दिनों के भीतर ई – केवाईसी , एनपीसीआई सीडिंग और आधार में सुधार का काम पूरा करें ताकि उन्हें विधि सम्मत ढंग से संबंधित स्कीम का लाभ मिल सके। उन्होंने किसानों के हित को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि उर्वरक की उपलब्धता की सूची एनआईसी पोर्टल पर 15 जून से अंकित करना सुनिश्चित करें।उन्होंने इसी संदर्भ में आत्मा को अन्नदाताओं को सम्मान दिए जाने के लिए इनकी सफलता की कहानी प्रत्येक तीन माह पर पत्रिका के जरिए प्रसारित किए जाने का निर्देश दिया। डीएम ने समय – सीमा के भीतर प्रशिक्षण कार्य पूरा कर लिए जाने की बात कही।

     संयुक्त कृषि निदेशक ने बढ़ती आबादी के लिए अन्न की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु अन्नदाताओं को अत्याधुनिक तकनीक अपनाने की सलाह दी। उन्होंने अन्न उत्पादन में वृद्धि के लिए किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

     जिला कृषि पदाधिकारी अविनाश चंद्र ने आगत मेहमानों का गर्मजोशी से खैर मकदम करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों से किसानों को वाकिफ कराना इसका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने स्वीकृत योजनाओं को विस्तार से परिभाषित किया।

     आत्मा के परियोजना निदेशक पंकज कुमार समेत कई विभागीय अधिकारी , कर्मी और किसान इस अवसर पर उपस्थित थे।

 जिला संवाददाता :- गोपाल कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Gopal Kumar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here