विद्युत कामगारों ने काला बिल्ला लगाकर काम किया।
बिहार झारखंड राज्य विद्युत परिषद फील्ड कामगार यूनियन (सीटू) के आह्वान पर जमुई विद्युत आपूर्ति अंचल के सभी कर्मियों ने शुक्रवार को लंबित मांगों को अविलंब अमलीजामा पहनाए जाने के समर्थन में काला बिल्ला लगाकर काम किया और अपनी चट्टानी एकता का परिचय दिया।
सचिव गौतम कुमार ने इस आशय की पुष्टि करते हुए कहा कि कंपनी से सकारात्मक संवाद के बावजूद न्यूनतम मजदूरी , आंतरिक नियुक्ति में अभ्यर्थियों को प्राथमिकता , लेखा संवर्ग के पदों का पुनर्गठन और सृजन , सभी रिक्त पदों पर पदोन्नति , कनीय विद्युत अभियंता के पदों का अपग्रेडेशन , ओभर टाइम बकाया का भुगतान आदि कई महत्वपूर्ण मांगों को अबतक अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका है। लंबित मांगों को अविलंब मान लिए जाने के साथ इसे शत – प्रतिशत लागू किए जाने के लिए विद्युत कामगारों ने काला बिल्ला लगाकर काम किया और प्रजातांत्रिक तरीके से अपनी आवाज कंपनी तक पहुंचाई।
उन्होंने आगे कहा कि कंपनी इसके बावजूद भी अगर इस दिशा में कारगर पहल नहीं करती है तब सभी कामगार उक्त मांगों को लेकर अगामी 27 अप्रैल को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल करेंगे। अगर इससे भी बात नहीं बनेगी तब सभी कर्मी मई माह में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे और मांग की पूर्ति तक अडिग रहेंगे।
सचिव श्री कुमार ने कहा कि नियुक्त कर्मि जिल्लत भरी जिंदगी जीने को मजबूर हैं। कंपनी कामगारों की चिंता नहीं कर रही है जो घोर चिंता का विषय है। उन्होंने कामगारों के हित में लंबित मांगों को तुरंत लागू किए जाने की मांग की।



