जिला जमुई के शीर्ष पदाधिकारी ने माँ दुर्गा की पूजा अर्चना की, पंडाल और प्रतिमा विसर्जन स्थल का जायजा लिया, जरूरी निर्देश दिए।

0
386

जिला जमुई के शीर्ष पदाधिकारी ने माँ दुर्गा की पूजा अर्चना की, पंडाल और प्रतिमा विसर्जन स्थल का जायजा लिया, जरूरी निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर अवनीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन विजयादशमी के पावन अवसर पर झाझा , गिद्धौर समेत कई स्थानों पर निर्मित पूजा पंडाल गए और वहां शक्ति की अधिष्ठात्री माँ दुर्गा की वैदिक रीति – रिवाज से पूजा अर्चना की और उनका चरणस्पर्श कर जिले के साथ राज्य एवं देश की सुख , शांति एवं समृद्धि का वर मांगा। इस अवसर पर गिद्धौर बीडीओ अजय कुमार , थानाध्यक्ष ब्रज भूषण सिंह समेत कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

डीएम ने पूजनोपरांत मौके पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि विजयादशमी तिथि को विधि व्यवस्था कायम रखने के लिए निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करें। पंडाल पहुंच रहे भक्तजनों की सुविधा का विशेष ख्याल रखें ताकि उन्हें अतिरिक्त परेशानी न हो। अफवाहबाजों को चिंहित कर उनपर कानूनी शिकंजा कसने में देर न करें। संभ्रांत लोगों के साथ शालीनता से पेश आएं और उन्हें यथोचित सहयोग करें।

समाहर्त्ता ने इस अवसर पंडाल , मेला और विसर्जन स्थल का गम्भीरता से मुयायना किया और वस्तुस्थिति से रूबरू हुए। उन्होंने नामित स्थानों पर साफ – सफाई , रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और इसका पुख्ता प्रबंध किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि पर्व के अवसर पर सजग और सचेत रहें ताकि असामाजिक तत्वों के दिमाग में प्रशासन का डर और भय बना रहे। डीएम ने दुर्गापूजा के साथ विजयादशमी पर्व को उल्लास और उमंग के वातावरण में मनाए जाने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने भी विजयादशमी के मौके पर माँ दुर्गा की पूजा अर्चना की और उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। कहा कि जिले में दुर्गापूजा को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने को लेकर सुरक्षा का ठोस इंतजाम किया गया है। पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं बलों की तैनाती की गई है। उन्होंने दुर्गापूजा आयोजन समिति को सरकार के द्वारा जारी गाइडलाइंस का अनुपालन किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने भी कानून व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी।

उधर जिला के शीर्ष पदाधिकारी के द्वारा विभिन्न पंडालों और मंदिरों का भ्रमण किए जाने के बाद प्रतिनियुक्त पदाधिकारी , कर्मी और पूजा समिति के सदस्यगण ज्यादा सक्रिय नजर आने लगे हैं। सभी सम्बंधित जन दशहरा को सकुशल संपन्न कराने के लिए क्षमता के अनुरूप कार्य कर रहे हैं।

ab24 news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here