जमुई जिला प्रशासन ने श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित किया युवा संवाद।

0
204

युवाओं को करियर बनाने में मदद करेंगे पदाधिकारी : अवनीश। 

 जमुई जिला प्रशासन ने श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित किया युवा संवाद।

डीएम अवनीश कुमार सिंह ने श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम के मैदान पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रतियोगी छात्रों के साथ स्कूली बेटे और बेटियों का क्षमतावर्धन करते हुए कहा कि यहां के पदाधिकारी युवाओं के करियर के निर्माण में यथोचित सहयोग करेंगे। जमुई के अधिकांश प्रशासनिक अधिकारी युवा हैं और वे लोग अपनी सफलता का मूल मंत्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले प्रतिभागियों को देंगे। इसके जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है , जहां डीएम सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी उन्हें पढ़ाएंगे और उत्साहवर्धन के साथ उन सभी का क्षमतावर्धन करेंगे। 

     जिला कलेक्टर ने कहा कि विभिन्न विषयों में पारंगत पदाधिकारी अलग – अलग तरीके से युवाओं से संवाद करेंगे , उन्हें पढ़ाएंगे और उनके द्वारा पूछे गए सवालों का युक्तिसंगत उत्तर देकर उन्हें संतुष्ट करेंगे ताकि उनकी झिझक दूर हो सके।

     उन्होंने युवाओं के साथ बेटे और बेटियों को विषय का आद्योपांत ज्ञानार्जन के लिए एनसीआरटी की पुस्तकें पढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि इसमें प्रचूर मात्रा में सामग्री उपलब्ध रहती है जो प्रतियोगी परीक्षाओं को पराजित करने में सक्षम है।

     श्री सिंह ने परीक्षा पर गंभीर चर्चा करते हुए कहा कि सिविल सेवा के साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए 07 – 08 घंटे की नियमित पढ़ाई आवश्यक ही नहीं वरन अनिवार्य है। अध्ययन में अभिरुचि कायम रखें। सप्ताह में एक दिन विश्राम जरूर करें और इस दिन पढ़े गए विषयों को स्मृति में कायम रखने के लिए पूर्वाभ्यास किया जाना चाहिए। निराशा से हमेशा दूर रहें। परीक्षा की तैयारी प्रारंभिक के लिए नहीं वरन मुख्य के लिए करना बेहतर होगा। विषय को रटें नहीं बल्कि उसे समझें और आत्मसात करें। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी सेल्फ स्टडी , ग्रुप डिस्कशन , कोचिंग के अलावे घर पर रहकर भी की जा सकती है। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के योगदान को भी कमतर नहीं करें। उन्होंने अगले युवा संवाद में सिविल सेवा के साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विषयवार श्रेष्ठतम पुस्तक का नाम बताए जाने की बात कही।

         उन्होंने मौके पर युवाओं और बेटे – बेटियों के द्वारा पूछे गए सवालों का यथोचित उत्तर दिया और उन्हें संतुष्ट किया। डीएम ने प्रतियोगी युवाओं के स्वर्णिम भविष्य की कामना की।

     डीडीसी शशि शेखर चौधरी , एडीएम सत्येंद्र कुमार मिश्र , नजारत उप समाहर्त्ता स्वतंत्र कुमार सुमन , वरीय उप समाहर्त्ता शशि शंकर , रवि प्रकाश गौतम , बीडीओ श्रीनिवास , सीओ सुजीत कुमार आदि अधिकारियों ने युवा संवाद में हिस्सा लिया और छात्रों का मनोबल बढ़ाया।

      एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने कार्यक्रम का संचालन किया और उन्होंने ही धन्यवाद ज्ञापन कर इसकी समाप्ति की घोषणा की। युवा संवाद में 500 से अधिक छात्र – छात्राओं ने शिरकत कर अपना क्षमतावर्धन किया। कार्यक्रम उल्लास और उमंग के वातावरण में संपन्न हो गया।

    उधर जमुई डीएम के अभिनव पहल की चर्चा लोगों की जुबान बन गई है। यहां के युवा उन्हें कुशल मार्गदर्शक , विद्वत शुभचिंतक और अनुभवी अभिभावक मानने लगे हैं। युवा संवाद में शामिल प्रतियोगी बच्चे उनसे बरबस इस तरह के आयोजन की अपेक्षा रखते हैं।

Gopal Kumar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here