जमुई, जिले के सोनो-चरखा पत्थर मार्ग स्थित बरनार नदी पर बने कोजवे पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने टूटे हुए पुल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री बांका से एक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस पटना लौट रहे थे। इस बीच निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पुल का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
पुल का निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि छठ पूजा से पूर्व लोगों की आवागमन को बेली ब्रिज बनकर सुचारु किया जाए। इसके साथ ही जल्द से जल्द डीपीआर तैयार कर नए पुल के निर्माण का कार्य शुरू कराया जाए। आपको बताते चलें कि बरनार नदी पर बने पुल बीते 23 सितंबर को जिले में हो रही भारी बारिश के वजह से क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद से पुल पर आवागमन के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। जिसके वजह से आसपास के कई गांव प्रभावित हो रहे थे। लोगों को प्रखंड मुख्यालय आने के लिए लंबी दूरी तय कर दूसरे रोड से जाना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीण जल्द नए पुल की निर्माण की मांग लगातार कर रहे थे। बीते मंगलवार को स्थानीय विधायक सह विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह भी क्षतिग्रस्त पुल का जायजा लिया था। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के समापन के बाद मंत्री सुमित कुमार सिंह मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हमारे अभिभावक के समान हैं, उनके द्वारा क्षतिग्रस्त पुल को छठ पूजा से पूर्व लोगों की आवागमन के लिए शुरू करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही इस बार बरनार नदी पर जल्द से जल्द बड़ा और नया पुल बनाने का आदेश दिया है। जिसके लिए मौके पर मौजूद पुल निर्माण विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द डीपीआर बनाने का निर्देश दिया है।
जमुई जिला संवाददाता:- गोपाल कुमार पाण्डेय



