समाधान यात्रा के तहत 11 फरवरी को 120 मिनट तक जमुई में रहेंगे मुख्यमंत्री 

0
320

समाधान यात्रा के तहत 11 फरवरी को 120 मिनट तक जमुई में रहेंगे मुख्यमंत्री 

सीएम के तय कार्यक्रम को लेकर वांछित तैयारी जारी।

समाधान यात्रा के अगले पड़ाव में सीएम नीतीश कुमार हेलीकॉप्टर से 11 फरवरी को अपराह्न में जमुई पहुंचेंगे। उनका हेलीकॉप्टर केकेएम कॉलेज स्थित हेलीपैड पर लैंड करेगा। सीएम के आगमन को लेकर हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल मरकट्टा तक सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है। कार्यक्रम की वांछित तैयारी जारी है।

      जिला कलेक्टर अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि समाधान यात्रा पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को जमुई पहुंच रहे हैं। यहां वे 120 मिनट रहेंगे। इस दौरान मरकट्टा गांव में नव निर्मित ठोस तरल अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का उद्घाटन करेंगे और प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट जनता को सौंपेंगे। मुख्यमंत्री मरकट्टा गांव में निर्मित अमृत सरोवर का भ्रमण और अवलोकन करने के साथ इसका लोकार्पण करेंगे। जीविका दीदियों से संवाद स्थापित करने के साथ – साथ स्टॉल का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावे कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। तदुपरांत समीक्षा बैठक कर विकास का जायजा लेंगे। कार्यक्रम को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। सीएम की सुरक्षा में कोई चूक ना हो इसके लिए हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक दंडाधिकारी के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों को तैनात किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तीसरी आंख से निगहबानी भी की जाएगी।

    डीएम ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपराह्न करीब 02 : 00 बजे हेलीकॉप्टर से जमुई पहुंचेंगे। केकेएम कालेज परिसर में हेलीपैड तैयार किया गया है जहां उनका हेलीकाप्टर लैंड करेगा। यहां गार्ड ऑफ आनर लेने के पश्चात मरकट्टा गांव में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना होंगे। मरकट्टा गांव में तय कार्यक्रम में शरीक होने के पश्चात मुख्यमंत्री अपराह्न 04 : 00 बजे जमुई से पटना के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।

    समाहर्त्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर दर्जनों दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। हेलीपैड स्थल से लेकर केकेएम कॉलेज निकास द्वार तक दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। इसी प्रकार मरकट्टा गांव में भी दर्जनों दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। दंडाधिकारियों के साथ 01: 04 की संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहेंगे। मरकट्टा गांव में संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था का प्रभार डीडीसी शशि शेखर चौधरी तथा एसडीपीओ के जिम्मे होगा। 

       उन्होंने कारकेड की चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के काफिले में अधिकृत तौर पर कुल एक दर्जन गाडिय़ां होंगी। इसमें एडवांस पायलट , पायलट , जैमर , मेन कार एस्कार्ट वन और टू , स्पेयर कार , पार्टी कार , जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की गाड़ी , एंबुलेंस , टेल कार तथा अग्निशामक वाहन शामिल होंगे। इसके बाद ही किसी जनप्रतिनिधि या फिर अन्य की गाडिय़ां कारकेड में शामिल हो सकेगी। डीएम ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को प्रोटोकॉल के मुताबिक सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने की जानकारी दी।

 जमुई जिला संवाददाता:-  गोपाल कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Gopal Kumar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here