गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन हेतु पदाधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों की बैठक।
उप विकास आयुक्त शशि शेखर चौधरी की अध्यक्षता में समाहरणालय के संवाद कक्ष में पदाधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों की महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई , जिसमें गणतंत्र दिवस समारोह 2023 को उमंग और उत्साह के साथ मनाए जाने का निर्णय लिया गया।
डीडीसी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस से सम्बंधित मुख्य समारोह स्थानीय श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम के मैदान पर आयोजित किया जाएगा। यहां नामित अतिथि तिरंगा फहराएंगे और उसे सलामी देंगे। उन्होंने मुख्य समारोह के सफल आयोजन के लिए विभागीय अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों को आवश्यक दायित्व सौंपते हुए कहा कि समय – सीमा के पूर्व सभी वांछित तैयारी पूरा कर लेना है। उन्होंने मौके पर विधि व्यवस्था , साफ – सफाई , पेयजल , परेड पूर्वाभ्यास , राष्ट्रीय ध्वज बांधना और उसे समय पर उतरना , राष्ट्रगान का गायन , बैंड आदि अहम विंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि तय समय के पूर्व इन सभी महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा कर लिया जाना है। डीएम ने इस साल विभिन्न विभागों के द्वारा झांकी का प्रदर्शन कर जिले के विकास को परिभाषित किए जाने की चर्चा करते हुए कहा कि अपराह्न में दोस्ताना फुटबॉल या क्रिकेट मैच भी संभावित है। उन्होंने इसकी जरूरी तैयारी के लिए भी सम्बंधित जनों को निदेशित किया।
डीडीसी ने कहा कि हर साल की तरह इस वर्ष भी जिले के नामित महादलित टोलों में गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराया जाएगा। प्रतिनियुक्त पदाधिकारी की उपस्थिति में वहां सबसे बुजुर्ग व्यक्ति राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और उसे सलामी देंगे। उन्होंने गणतंत्र दिवस को गरिमा प्रदान किए जाने के लिए स्कूली बच्चों के द्वारा प्रभातफेरी निकाले जाने की बात कही।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि इस साल भी स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान उनके निवास स्थान पर जाकर किया जाएगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर कोरोना गाइडलाइंस का भी अनिवार्य रूप से अनुपालन किया जाना है।
उन्होंने इस अवसर पर सीआरपीएफ , एसएसबी , बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल , जिला पुलिस बल , जिला महिला पुलिस बल , बिहार गृह रक्षा वाहिनी आदि टुकड़ियों के द्वारा श्रेष्ठतम परेड का प्रदर्शन किए जाने की चर्चा करते हुए कहा कि इसके लिए निर्धारित तिथि से श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम के मैदान पर पूर्वाभ्यास किया जाना है। उन्होंने 24 जनवरी को फूल ड्रेस रिहर्सल किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि इस बार का समारोह अनूठा और अजूबा होगा।
अपर समाहर्त्ता सत्येंद्र कुमार मिश्र , अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी , वरीय उप समाहर्त्ता कुमार अनुज , रवि प्रकाश गौतम , भारती राज , अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार , डीएसपी मुख्यालय अभिषेक सिंह , सिविल सर्जन डॉ. अजय कुमार भारती , नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार , जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी आर. के. दीपक , डीपीओ सीमा कुमारी , ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा , जिला संवाददाता डॉ. मासूम रजा , राजीव रंजन , जिला उद्घोषक डॉ. निरंजन कुमार समेत कई पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग बैठक में उपस्थित थे।
District reporter :- Gopal kumar Pandey



